World wide City Live, जालंधर (आंचल) : पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष बरिंदर सिंह ढिल्लों जालंधर शहरी इकाई में खुद ही गुटबाजी को हवा दे गए हैं। कांग्रेस भवन में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे पंजाब प्रधान ढिल्लों ने यूथ कांग्रेस जालंधर शहरी के प्रधान अंगद दत्ता की बजाय कुछ दिन पहले ही कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए गए दीपक खोसला को सारे अधिकार देने की बात कही है।
ढिल्लों ने कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो मुहिम की जालंधर में तैयारियां भी दीपक खोसला ही करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह जिला कांग्रेस के प्रधान बलराज ठाकुर को आधिकारिक तौर पर ईमेल करके अपील करेंगे कि भवन में यूथ कांग्रेस प्रधान को जो कमरा अलाट किया गया है वह अब दीपक खोसला के नाम पर अलाट किया जाए। बरिंदर ढिल्लो के इस बयान से यूथ कांग्रेस में गुटबाजी और बढ़ सकती है।
नगर निगम चुनाव से पहले यूथ कांग्रेस जालंधर शहरी में गुटबाजी नुकसानदायक साबित हो सकती है। वहीं यूथ कांग्रेस जालंधर के निर्वाचित अध्यक्ष अंगद दत्ता बुधवार को हुए इस कार्यक्रम में शामिल नहीं थे। पिछले कुछ समय से बिजनेस से जुड़ी कानूनी दिक्कतों की वजह से अंगद दत्ता पार्टी की गतिविधियों में अधिक भाग नहीं ले पाए हैं।
इस संबंध में अंगद दत्ता का कहना है कि वह एक केस के सिलसिले में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में आए हुए थे, जिस वजह से कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए। दत्ता ने कहा कि वह लगातार जनता के काम करवा रहे हैं। उन्होंने पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रधान के बयानों पर कोई भी टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।


