पंजाब में 2022 में होने वाले चुनावों को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच किसान संगठन भी सक्रिय हो गए हैं। राज्य के 22 किसान संगठनों ने संयुक्त समाज मोर्चा बनाकर राजनीति में कूदने का एलान कर दिया है। इसके एलान किसान नेता हरमीत सिंह कादियां ने किया। संयुक्त समाज मोर्चा का चेहरा किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल होंगे।
किसान नेता बलदेव सिंह नियालका ने कहा कि लोगों को अब हमसे बहुत आशा है। चिट्टे का मसला हो या अन्य। पंजाब इससे जूझ रहा है। जिस तरह लोगों ने हमारा तीन कृषि कानूनों के आंदोलन में साथ दिया है, अब इन समस्याओं को सुलझाने में भी लोग हमारा साथ देंगे। हर वर्ग हमारा सहयोग करेगा। ऐसा हमें विश्वास है। राजेवाल ने कहा कि लोगों का बहुत दबाव है। नया समाज सृजित करेंगे। सिस्टम गंदा हो गया है। उसे बदलने की जरूरत है।
बता दें, दिल्ली बार्डर पर आंदोलन के दौरान ही कई किसान संगठन चुनाव मैदान में उतरने की बात कह चुके थे। इसको लेकर किसान संगठनों के बीच आपसी खींचतान भी दिखी। कई संगठनों का कहना था कि यह उचित नहीं है। इस बीच किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी पहले ही पार्टी की घोषणा कर चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके हैं।


