दीपावली से पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि पार्टी आलाकमान ने कैबिनेट मंत्रियों की तीन खाली सीटों को भरने के लिए मुख्यमंत्री को कैबिनेट विस्तार की मंजूरी दे दी है और दीपावली पर मुख्यमंत्री तीन विधायकों को फ्लैग कार गिफ्ट कर सकते हैं।
कैबिनेट में किन तीन विधायकों को जगह मिल सकती है, इस बारे में कोई निश्चित जानकारी नहीं है, लेकिन इतना तय है कि भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे कैबिनेट मंत्री फौजा सिंह सरारी की विधानसभा सत्र खत्म होने के बाद छुट्टी हो सकती है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार यह कयास लगाए जा रहे हैं कि दो में से एक विधायक प्रोफेसर बलजिंदर कौर और सरबजीत कौर माणूके को कैबिनेट में जगह मिल सकती है। इसी तरह प्रिंसिपल बुद्ध राम को भी कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है।
पार्टी पहले ही दूसरे कार्यकाल के विधायक कुलतार सिंह संधवा और जय किशन रोड़ी को क्रमशः अध्यक्ष और उपाध्यक्ष नियुक्त कर चुकी है, जबकि हरपाल सिंह चीमा, अमन अरोड़ा और गुरमीत सिंह मीत हेयर को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। इसी तरह दूसरी बार विधायक बनी प्रो. बलजिंदर कौर और प्रिंसिपल बुद्धराम को कैबिनेट में जगह मिल सकती है।
फौजा सिंह सरारी मंत्रिमंडल से हटाए जा सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो चार विधायकों को मंत्री बनने का मौका मिलेगा। सूत्रों के मुताबिक पार्टी आलाकमान कई मंत्रियों के विभागों के प्रदर्शन से खुश नहीं है, जिससे तीन-चार मंत्रियों के विभागों में फेरबदल की भी संभावना है।
वहीं, बीते दिन पार्टी ने बीजेपी पर आप विधायकों को तोड़ने के लिए 25-25 करोड़ रुपये देने का आरोप लगाया था। पुलिस ने विधानसभा उपाध्यक्ष जय किशन रोड़ी और अन्य विधायकों की शिकायत के आधार पर रिश्वतखोरी के आरोप में मामला भी दर्ज किया है।


