हिमाचल चुनाव में अब ‘बड़े’ नेता थामेंगे प्रचार की डोर, पढ़े पूरी ख़बर

0

World wide City Live, शिमला (आँचल) : करीब 14 सीटों पर बगावत झेल रही हिमाचल भाजपा ने 30 अक्तूबर के लिए सभी 68 सीटों पर एक साथ चुनावी रैलियां करने का फैसला किया है। भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने शिमला में यह जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चारों संसदीय सीटों पर रैलियां करेंगे और अमित शाह, नितिन गडकरी स्मृति ईरानी तथा योगी आदित्यनाथ समेत अन्य स्टार प्रचारक भी चुनाव प्रचार में उतरेंगे। सुरेश कश्यप ने कहा कि विधानसभा चुनावों में रिवाज बदलने के लिए प्रदेश भाजपा 30 अक्तूबर को विजय संकल्प अभियान के साथ शंखनाद करेगी। भाजपा के सभी स्टार प्रचारक 30 अक्तूबर को प्रदेश की सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में विजय संकल्प अभियान के द्वारा चुनावी शंखनाद करेंगे।
इस दिन 32 स्टार प्रचारक प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा खुद भी तीन चुनाव क्षेत्र संभालेंगे। इस दिन चार केंद्रीय मंत्री 10 केंद्रीय नेता तीन मुख्यमंत्री और तीन ही राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री अन्य चुनाव क्षेत्रों में जाकर रैलियां करेंगे। कांग्रेस से भाजपा में आए हर्ष महाजन और पवन काजल भी दूसरे चुनाव क्षेत्रों में जाकर संबोधन करेंगे। सुरेश कश्यप ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में जयराम सरकार का कार्यकाल ऐतिहासिक रहा है। गुरुवार को शिमला पहुंचने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का स्वागत करते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर।
भोरंज विधानसभा क्षेत्र के चंबोह, जोह, बधाणी और मुंडखर में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में विकास का पहिया लगातार चलता रहे, इसलिए भाजपा की सरकार प्रदेश में फिर से बनाना बहुत जरूरी है, क्योंकि पिछले पांच वर्षों में डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में जन-जन को लाभ पहुंचाने के लिए काम किया है। हिमाचल प्रदेश की डबल इंजन की सरकार की कामों की चर्चा आज पूरे देश में होती है। इन पांच वर्षों में टेंशन मुक्त एवं बोझ मुक्त वातावरण प्रदेश वासियों के लिए डबल इंजन की सरकार ने बनाकर दिया है। उन्होंने कहा कि भोरंज में मिनी सचिवालय, 100 बिस्तर का अस्पताल और लग्वालती बमसन पेयजल योजना के संवर्धन करने का काम हुआ है। भोरंज में भाजपा के पक्ष में प्रचार करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा और उसे हकीकत में बदलने के लिए काम भी किया है। आज फिर से लोकतंत्र का महापर्व नजदीक आ रहा है और आप सब लोग अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि आप सब लोग अपनी समझ से और विवेक से उचित फैसला लेते हुए राष्ट्रहित में राष्ट्रवादी सोच को आगे बढ़ाएंगे और भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाएंगे। इस अवसर पर विधायक कमलेश कुमारी भी मौजूद रहीं।

News Website in Jalandhar
News Website in Jalandhar
News Website in Jalandhar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here