World wide City Live, जालंधर (आँचल) : जालंधर की राजनीति से बड़ी खबर निकल कर सामने आ रही है। माना जा रहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के जालंधर पहुंचने पर यूथ कांग्रेस प्रधान के तौर पर अंगद दत्ता को जिम्मेदारी मिल सकती है।
शुरू से ही बेरी गुट के साथ जुड़े रहे हैं अंगद दत्ता
बता दें कि, अंगद दत्ता पिछले तीन-चार महीने से कानूनी मुश्किलों में फंसे रहे, जिस वजह से पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रधान ने शहरी इकाई के लिए कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था। इसकी जिम्मेदारी दीपक खोसला को दी गई। उसके बाद से ही अंगद दत्ता को स्थानीय राजनीति से अलग-थलग किया जा रहा था। वहीं अंगद दत्ता की भी वापसी नजर आ रही है। अंगद दत्ता शुरू से ही राजिंदर बेरी गुट के साथ जुड़े रहे हैं।
दत्ता के पार्टी चुनाव जीतने में भी राजिंदर बेरी की अहम भूमिका रही थी। खोसला को वर्किंग प्रेसिडेंट बनाया गया है। उनके लिए मुश्किल हो सकती है क्योंकि वह एक समय में नार्थ हलके के युवा नेता दिनेश ढल्ल के साथ जुड़े रहे हैं। हालांकि अब दिनेश ढल्ल आप में हैं। मौजूदा विधायक बावा हैनरी को यह किसी भी सूरत में कबूल नहीं होगा कि दिनेश ढल्ल से जुड़े रहे किसी भी व्यक्ति को राजनीतिक तौर पर मजबूत किया जाए।
बेरी ने अभी कांग्रेस प्रधान की जिम्मेदारी नहीं संभाली है लेकिन कांग्रेस भवन में उनके बोर्ड लग गए हैं। इस मामले में भी अंगद ने बाजी मारी है व बेरी के साथ अपना बोर्ड लगा लिया है। दीपक खोसला का बोर्ड कांग्रेस भवन की बाहरी दीवार पर लगा है लेकिन उसमें राजिंदर बेरी की छोटी सी फोटो पूर्व विधायक के तौर पर लगाई गई है।


