World wide city live : लतीफपुरा में बेघर किए लोगों को उसी जमीन पर बसाने को संघर्ष कर रहे लतीफपुरा पुनर्वास संयुक्त मोर्चा आज धन्नो वाली फाटक के समीप नैशनल हाईवे और रेल यातायात का चक्का जाम करेगा। मोर्चा की तरफ से सुबह 11.30 से 3.30 बजे तक जाम लगाया जाएगा। मोर्चा के जाम से नैशनल हाईवे पर आवगमन कर रहे दूर दराज के राज्यों व जिलों के वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा, वहीं रेल यातायात बाधित करने से ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित होगी। संयुक्त किसान मोर्चा में शामिल संगठनों के मैंबरों ने बताया कि किसानों, मजदूरों व अन्य मेहनतकश लोगों के विभिन्न संगठनों के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान, मजदूर व अन्य न्यायप्रिय लोग इस प्रदर्शन में शामिल होंगे।
संघर्ष संबंधी जानकारी देते हुए मोर्चे के नेता जत्थेदार कश्मीर सिंह जंडियाला, जसकरन सिंह काहन सिंह वाला, संतोख सिंह संधू, तरसेम सिंह विक्की जैनपुर, कश्मीर सिंह घुगशोर, डॉ. गुरदीप सिंह भंडाल, हंस राज पबवान, हरजिंदर कौर, बलजिंदर कौर, परमिंदर कौर सिंह बाजवा, सुखजीत सिंह. महिंदर सिंह बाजवा और बोहर सिंह हजारा ने बताया कि संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक लतीफपुरा क्षेत्र के लोगों को उस जगह पर बसाया नहीं जाता, उन्हें हुए नुक्सान की भरपाई कर दी जाती है और गाली-गलौच करने वाले डी.सी.पी. के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती है।
उन्होंने कहा कि लतीफपुरा इलाके के लोगों को बेघर किए जाने के मुद्दे पर भगवंत मान सरकार को चुप्पी तोड़ने के लिए हाईवे और रेल का चक्का जाम करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार द्वारा कोई सुनवाई नहीं की जा रही है जिसके चलते सर्द रातों में जीवन गुजारने को लोग मजबूर हैं। मोर्चा के मैंबर और पीड़ित परिवारों ने शाम को लतीफपुरा चौक पर मुख्यमंत्री भगवंत मान और इम्प्रूवमैंट ट्रस्ट के चेयरमैन जगतार सिंह संघेड़ा का पुतला फूंकते हुए जोरदार नारेबाजी की गई। मोर्चा के नेताओं ने आम जनता से सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक जालंधर-लुधियाना हाईवे पर यात्रा नहीं करने की अपील की है। जिक्योग्य है कि इम्प्रूवमैंट ट्रस्ट और जिला प्रशासन ने गत 9 दिसंबर को लतीफपुरा में लोगों के घरों को नेस्तनाबूद करके उनके सिर से छत्त को छीन लिया था, जिसके बाद से ही लतीफपुरा में बेघर हुए सैंकड़ों लोग लगातार अपने हक की लड़ाई लड़ रहे है।


