World wide City Live, जालंधर (आँचल) : वीरवार को शहर में हल्के बादल छाए रहेंगे। साथ ही इससे मौसम में परिवर्तन और तापमान में अंतर दिखाई देगा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सुबह और शाम की ठंडक के साथ-साथ अब दिन के समय भी ठंड बढ़ने लगेगी। इस वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखा जाएगा। थोड़े समय के बाद मौसम एकदम से बदल जाएगा।
जहरीला स्माग बढ़ा रहा परेशानी
दूसरी तरफ पराली और कूड़े के ढेर में लगाई जाने वाली आग से धुआं बढ़ रहा है। धुएं की वजह से प्रदूषण की चादर आसमान में छाई नजर आ रही है, जिस कारण शहर वासियों को परेशानी हो सकती है। खासकर दो पहिया वाहन चालक, पैदल और साइकिल सवारों को शहर में निकलने पर दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है। यह जहरीला स्माग आंखों में जलन, गले में खराश आदि बीमारियों को बढ़ा रहा है।
शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स अभी भी न्यूनतम 100 से अधिक और अधिकतम 253 तक दर्ज किया जा रहा है। बता दें कि, जब 0 से 50 तक एयर क्वालिटी इंडेक्स हो तो इसे स्वास्थ्य और श्वास लेने के लिए सबसे उत्तम माना जाता है। उसके बाद 51 से 100 तक सामान्य इंडेक्स की श्रेणी में दर्ज किया जाता है। इससे अधिक एक्यूआइ हो तो उसे स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक माना जाता है।


