World wide City Live, नई दिल्ली (आँचल) : केंद्रीय गृह मंत्रालय, सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर ‘केंद्रीय गृह मंत्री विशेष अभियान पदक-2022’ की घोषणा की है। साल 2022 के लिए केंद्रीय गृह मंत्री का स्पेशल ऑपरेशन मेडल चार विशेष अभियानों के लिए दिया गया है।
गृह मंत्रालय (एमएचए) ने आतंकवाद, सीमा कार्रवाई, हथियार नियंत्रण, नशीले पदार्थों की तस्करी की रोकथाम और बचाव कार्यों के क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा किए गए चार विशेष अभियानों के लिए ‘केंद्रीय गृह मंत्री के विशेष अभियान पदक-2022’ की घोषणा की। ये पदक पुलिस सेवा में बेहतर कार्य और उत्कृष्टता को बढावा देने और तनावपूर्ण स्थितियों तथा कठिन इलाकों में अच्छा काम करने वालों को दिया जाता है।
केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा 23 जुलाई, 2018 को स्थापित ‘केंद्रीय गृह मंत्री विशेष अभियान पदक-2022’ पूरे देश में राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के पुलिस बलों, केंद्रीय पुलिस संगठनों (CPO), केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) और सुरक्षा संगठनों को प्रदान किया जाता है। ये पदक आतंकवाद, सीमा कार्रवाई, हथियार नियंत्रण, नशीले पदार्थों की तस्करी की रोकथाम और बचाव कार्यों जैसे क्षेत्रों में विशेष अभियानों के लिए दिया जाता है।
विशेष अभियानों के लिए मिलते हैं पदक
इस अवार्ड की प्राप्ति के लिए जवानों और अधिकारियों द्वारा किए गए विशेष अभियानों के तीन महीने के भीतर उनके नाम गृह मंत्रालय को भेजा जाता है। सभी नामों को गृह मंत्रालय की समिति ध्यान से देखती है। इस समिति में इंटेलिजेंस ब्यूरो के निदेशक सदस्य होते हैं, इसकी अध्यक्षता गृह सचिव करते हैं।


