World wide city live : पंजाब में जालंधर के उपमंडल शाहकोट के तहत आते मलसियां कस्बा में राजा और गिंदा गुट आपस में भिड़ गए। दोनों में जमकर ताबड़तोड़ गोलियां चली। इस गोलीबारी में चार युवक घायल हुए हैं। तीन को टांगों में गोलियां लगी हैं। जबकि एक को पेट में गोली लगी है। इन्हें हालत गंभीर होने के कारण शाहकोट सिविल अस्पताल से जालंधर रेफर कर दिया गया है।
समझौते के लिए इकट्ठा हुए थे दोनों ग्रुप
जिन दो राजा और गिंदा गुटों में ईंट-पत्थर और गोलियां चली हैं, इनमें पहले भी झगड़ा हुआ था। उसी झगड़े की रंजिश को खत्म करने के लिए दोनों गुटों मीटिंग चिट्टी बेईं के पास मॉडल टाउन में बुलाई थी।
समझौता बैठक के दौरान ही दोनों गुटों के युवकों में फिर से आपस में बहसबाजी हो गई। देखते ही देखते नौबत मारपीट पर जा पहुंची। दोनों धड़ों में ईंट-पत्थर और गोलियां चलने लगीं।
राजविंदर राजा और हरजिंदर गिंदा को भी लगी गोलियां
एक तरफ जहां मलसियां में नगर कीर्तन निकल रहा था, वहीं पर दूसरी तरफ गोलियां चल रही थीं। इस गोलीबारी में राजा गुट के प्रमुख राजविंदर निवासी बागवाला (शाहकोट) और गिंदा गुट के हरजिंदर निवासी मलसियां को भी गोलियां लगी हैं।
हरजिंदर के पैर में गोली है। जबकि राजविंदर की जांघ में गोली लगी है। इनके अलावा विनोद निवासी जैन कालोनी शाहकोट, अर्शदीप सिंह निवासी फखरूवाल घायल हुए हैं। विनोद के पेट में गोली लगी है। उसे गंभीर अवस्था में शाहकोट सिविल अस्पताल से जालंधर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने मौके से बरामद किए खोल, जब्त किए वाहन
देर शाम हुए इस घटनाक्रम की सूचना मिलते ही एसएचओ गुरिंदरजीत सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मौके से 14 खोल बरामद हुए हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में लेकर उसे खंगाला जा रहा है। इसके अलावा वारदात स्थल से दो गाड़ियां और चार मोटरसाइकिल भी कब्जे में लिए हैं।


