World wide city live, जालंधर (आंचल) : पंजाब के जालंधर शहर में डीएवी संस्था के इंजीनियरिंग कालेज डेविएट में छात्रों ने हड़ताल कर दी है। छात्र कबीर नगर में कॉलेज के गेट पर धरने पर बैठे। कॉलेज के एक छात्र पर कुछ अज्ञात लोगों ने तेजधार हथियारों से हमला करने के बाद से छात्रों में रोष है। घायल छात्र को एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। छात्रों ने ऐलान किया है कि हमलावरों की गिरफ्तारी न होने तक वे धरने से नहीं उठेंगे।
डेविएट कालेज के छात्र भरत पर रात को किन्हीं अज्ञात लोगों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया था। भरत बिहार की राजधानी पटना का रहने वाला है। डीएवी इंजीनियरिंग कॉलेज में फाइनल ईयर का छात्र है। भरत की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे जालंधर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
भरत पर अज्ञात युवकों द्वारा तेजधार हथियारों से हमला करने और उसकी गंभीर हालत के बारे में कॉलेज प्रबंधन ने पटना में परिजनों को सूचना दे दी है। पटना से भरत का भाई सुरजीत कुमार और अन्य परिजन जालंधर पहुंच गए हैं। जिस वक्त रात करीब साढ़े आठ बजे भरत पर हमला हुआ वह कबीर नगर की गली में मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था। इसी दौरान हमलावरों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
हमलावर पकड़ो, फिर धरना समाप्त
कॉलेज छात्रों ने हॉस्टल में रहने वाले भरत पर हमले कि विरोध में कॉलेज के गेट पर धरना लगा दिया है। छात्रों के धरने की सूचना मिलते ही थाना मकसूदां की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को आश्वासन दिया कि वह जल्द ही हमलावरों को पकड़ लेंगे। लेकिन छात्रों का कहना है कि पहले हमलावरों को पकड़ कर लाओ तभी वह अपना धरना समाप्त करेंगे।


