World wide City Live, जालंधर (आँचल) : सरकारी विभागों के कार्यालयों में तैनात कर्मचारियों की हड़ताल को फिलहाल के लिए विराम लग गया है। इसके बाद विभागों में बुधवार को सामान्य की तरह कामकाज किया गया। हालांकि 29 अक्टूबर को शिमला में होने वाली ‘पोल खोल रैली’ का फैसला फिलहाल वापस नहीं लिया गया है। लिहाजा 31 अक्टूबर को कर्मचारियों की राज्य स्तरीय बैठक में रोष जताने की अगली रणनीति घोषित की जाएगी।
बता दें कि, पुरानी पेंशन स्कीम बहाल, डीए की राशि में इजाफा और वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने सहित अन्य मांगों को लेकर सरकारी विभागों के कर्मचारी पिछले कई दिनों से हड़ताल पर चल रहे थे। ज्वाइंट एक्शन कमेटी के आह्वान पर पहले 10 से लेकर 15 तक, फिर 19 और इसके बाद 26 अक्टूबर तक कलम छोड़ हड़ताल का फैसला लिया गया था। हालांकि दीपावली से पूर्व पंजाब सरकार ने कर्मचारियों की कुछ मांगे मान ली थी। मगर सरकारी कर्मचारी नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही कोई फैसला लेने पर अड़े हुए हैं।
इस बारे में ज्वाइंट एक्शन कमेटी के प्रधान सुखजीत सिंह और महासचिव तेजिंदर सिंह बताते हैं कि बुधवार से सामान्य रूप में कामकाज किया जाएगा। वहीं 29 अक्टूबर को शिमला में सरकार के खिलाफ पोल खोल रैली का फैसला भी अटल है। हड़ताल खुलने के बाद परिवहन विभाग से लेकर सेवा केंद्र और तहसील से लेकर तमाम तरह के सरकारी कार्यालयों में कामकाज शुरू कर दिया गया है। लोग दफ्तर में काम करवाने पहुंच रहे हैं।


