Ww City Live News : गुजरात में वडोदरा शहर के मकरपुरा जीआईडीसी इलाके में एक रासायनिक कारखाने में आग लग गई। यह आग बॉयलर फटने से लगी। बॉयलर ब्लास्ट में वहां मौजूद 2 लोगों की जान चली गई। वहीं, कम से कम 10 जने घायल हुए हैं। मांजलपुर पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर एस जे बलूच ने बताया कि, ब्लास्ट कुछ ही देर पहले हुआ और यह इतना तेज था कि उसे 3 किमी दूर तक महसूस किया गया। उससे कई बिल्डिंगों में कांच की खिड़कियां भी चकनाचूर हो गईं।
घटना के बाद दमकल और आपातकालीन सेवाओं की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। एस जे बलूच ने कहा, “घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। वहीं, जिस बॉयलर में विस्फोट हुआ..उसे जांचा जा रहा है।’ बताया जा रहा है कि, इस कारखाने का स्वामित्व कैंटन लेबोरेटरीज प्राइवेट लिमिटेड के पास है। पुलिस का कहना है कि, धमाका सुबह करीब 10 बजे हुआ, जिसकी आवाज 3 किमी दूर तक सुनाई दी। इससे अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि, इस घटना की वजह से वडसर रेलवे ओवरब्रिज पर भी कुछ देर के लिए यातायात रोक दिया गया। वहां मौजूद लोगों ने कहा कि, दमकल और आपातकालीन सेवाओं की टीम मौके पर हैं। बहरहाल, मांजलपुर पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मी भी जांच-पड़ताल में जुट गए हैं। एक पुलिसकर्मी ने कहा कि, वडोदरा की फैक्ट्री में केमिकल बॉयलर ब्लास्ट में कई लोग जो घायल हो गए..उनका उपचार कराया जा रहा है।


