एलपीजी के दाम में इजाफा:9 लाख उपभोक्ताओं के बजट पर असर

0

World wide city live : घरेलू गैस और काॅमर्शियल गैस के दाम में इजाफे का असर सभी वर्गों पर पड़ना तय है। रसोई का बजट बिगड़ने के साथ-साथ बाहर बिकने वाले पकवान व अन्य सामग्री पर भी इसका असर दिखेगा। गैस की बढ़ी कीमतें एक मार्च को आधी रात से लागू हो गईं। घरेलू गैस 50 रुपए और कॉमर्शियल गैस 350 रुपए प्रति सिलेंडर महंगी मिलेगी।

करीब 8 महीने बाद अलग-अलग गैस कंपनियों दाम बढ़ाए हैं। जालंधर में 14.22 किलो गैस सिलेंडर का दाम पहले 1082 रुपए था, जो अब 50 रुपए की बढ़ोतरी के बाद 1132 रुपए हो गए हैं, जबकि 19 किलोग्राम वाले काॅमर्शियल गैस सिलेंडर का दाम जिले में पहले 1844 रुपए था, जो अब 350 रुपए की बढ़ौतरी के साथ बढ़कर 2194 रुपए हो गया है।

हालांकि गैस कंपनियों की तरफ से इससे पहले पिछले साल 6 जुलाई को घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ौतरी की गई थी। देश में बढ़ रही घरेलू रसोई गैस की कीमतों को लेकर कांग्रेस सहित कई राजनीतिक पार्टियों की तरफ से भी अब विरोध प्रदर्शन शुरू किया जा रहा है।

घरेलू रसोई गैस के दाम बढ़ने से आम आदमी के घर का बजट भी बढ़ गया है। कोहली गैस सर्विस के एमडी करमन सिंह कोहली ने कहा कि इससे घरों के बजट पर असर पड़ेगा। जालंधर जिले में मुख्य रूप से हिंदोस्तान पेट्रोलियम, आईओसी और बीपीसीएल के करीब 9 लाख ग्राहक हैं।

डॉ. रूचि सिंह बोलीं-आम परिवार को होगी काफी मुश्किल

रोटरी क्लब जालंधर हेल्पिंग हैंड्स की प्रधान डॉ. रूचि सिंह ने कहा कि इससे जॉइंट फैमिली और आम परिवार के लिए मुश्किलों में बढ़ोतरी होगी। जॉइंट फैमिली में रिश्तेदारों का आना-जाना लगा रहता है। जिस कारण गैस भी अधिक लगती है। आम परिवारों में लोग घरों पर ही रोटी खाते हैं और एक आम परिवार के लिए बहुत ही मुश्किल होगा। आम पब्लिक पर बोझ डालने की अपेक्षा ऐसे सेक्शन पर बोझ डाला जाए, जो वहन करने में सक्षम हो।

घर के अंदर व बाहर दोनों तरफ होगा असर : नागपाल

कैटरर अभय नागपाल ने बताया कि गैस के दाम बढ़ने से घर के अंदर और बाहर दोनों तरफ असर पड़ेगा। घरेलू गैस सिलेंडर से सबसे ज्यादा मिडिल क्लास फैमिली पर इसका असर दिखेगा। दूसरी तरफ कॉमर्शियल सिलेंडर बढ़ने से बाजार में बिकने वाला खाद्य पदार्थों के दाम बढ़ेंगे। घरेलू गैस सिलेंडर में 50 रुपए और कॉमर्शियल में 350 रुपए का इजाफा बहुत ज्यादा है। गैस के दाम कम ही होने चाहिए।

घरेलू गैस सिलेंडर सस्ता और पहुंच मे‌ं होना चाहिए

मेडिकल लाइन से जुड़ीं संगीता शर्मा ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर सस्ता और आम परिवार की पहुंच में होना चाहिए। इसके दाम बढ़ने से गृहणियों का बजट बिगड़ जाता है। आम लोग घर पर ही खाना तैयार करते हैं। रसोई गैस के दाम बढ़ने से पूरे परिवार की आमदनी पर असर पड़ जाता है।

News Website in Jalandhar
News Website in Jalandhar
News Website in Jalandhar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here